उझानी। कछला कस्बे में मंगलवार रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक ऑटो चालक की मौके पर मौत हो गई।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव रसूला निवासी महावीर यादव (54) पुत्र रामेश्वर यादव ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण किया करते थे। मंगलवार को वह उझानी से सवारियां लेकर कछला पहुंचे थे। राधेलाल इंटर कॉलेज के सामने सवारियों को उतारने के बाद वह सड़क किनारे खड़े होकर किराया ले रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार में आए एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महावीर यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर उझानी पुलिस मौके पर पहुंची। महावीर यादव अपने पीछे दो बेटों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई दुर्घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में ऑटो चालक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
डंपर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत
- छतुईया फाटक के पास हुई घटना, एक साल पहले हुई थी रमेश की शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी। छतुईया फाटक के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव पीरखंदना निवासी रमेश (24) पुत्र बाबूराम मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उझानी से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। छतुईया फाटक के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। रमेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर मृतक के भाई कमल ने बताया कि उनके भाई की एक साल पहले ही शादी हुई थी। रमेश परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे में नौजवान की मौत होने के बाद पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि डंपर सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से वृद्धा की मौत
- गांव के बाजार में आई थी वृद्धा, चालक कार छोड़कर भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र के कोल्हाई बाजार में बुधवार शाम करीब पांच बजे बाजार में खरीदारी करने जा रही वृद्ध महिला की तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। मुजरिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव सैमरा बनवीर निवासी भूरी (65), कोल्हाई बाजार में खरीदारी करने आई थीं। वह बाजार जाने के दौरान सड़क पार कर रही थीं, तभी सहसवान की ओर से तेज गति से आ रही इको कार ने उन्हें रौंद दिया। वृद्धा की मौत से अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक घटनास्थल पर ही कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है। मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
रमेश फाइल फोटो