कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव पनौटा में एक किसान की करीब 22 बीघा जमीन को फर्जी तरीके से बेचने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि जालसाजों ने फर्जी आधार कार्ड बनवाकर जमीन का बैनामा कराने की योजना बनाई। एक व्यक्ति से दो लाख रुपये बतौर एडवांस भी ले लिए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पलिया झंडा निवासी नन्हे पुत्र ओम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी ननिहाल गांव पनौटा में 22 बीघा जमीन है, जो उसके परिवार के नाम दर्ज है। आरोप है कि बरेली जनपद के थाना विशारतगंज क्षेत्र के गांव साहसा निवासी इन्द्रपाल पुत्र मोर सिंह ने फर्जी तरीके से उनके नाम-पते के आधार कार्ड तैयार कराकर जमीन बेचने की योजना बना ली।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने कुंवरगांव निवासी रामू पुत्र रामवीर से जमीन का सौदा तय कर लिया और उससे दो लाख रुपये एडवांस भी ले लिए। जब खरीदार जमीन देखने पनौटा गांव पहुंचा, तब ग्रामीणों से वास्तविक स्थिति का पता चला। इसके बाद पीड़ित को मामले की जानकारी हुई और उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस फर्जीवाड़े में इन्द्रपाल के साथ तीन अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि जमीन के फर्जी बैनामे की साजिश से जुड़ा मामला सामने आया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।