बदायूं। बेटे से मकान का फर्जी तरीके से बैनामा कराने के विरोध में महिला स्वास्थ्य कर्मी की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की गई। आईजी के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला आदर्शनगर निवासी संतोष कुमारी पत्नी स्व. रामसरन ने बरेली आईजी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह घटपुरी सीएचसी में तैनात हैं। उनका बड़ा बेटा आशीष कुमार गौतम नशे का लती है। इससे वह उनके साथ बदसलूकी करता है। इस वजह से उन्होंने बेटे को संपत्ति से बेदखल कर दिया है। 20 फरवरी को संजीव कुमार ने बेटे को लालच देकर झांसे में ले लिया। इससे बाद उसने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मकान का बैनामा अपनी पत्नी रीतू निवासी नवादा थाना अलापुर के नाम करा लिया। उसके गवाह संजीव कुमार, कुमारी निशा व रानी रहे। 24 फरवरी को जब वह अपने मकान पर पहुंची। वहां संजीव कुमार. सुनील कुमार, दुष्यंत कुमार समेत उसके साथी मकान में घुस आए। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की गई। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर फिर से मकान की तरफ देखा तो अपहरण कर उसकी हत्या कर देंगे। आईजी के आदेश पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली हैं।