उझानी। मोबाइल फोन पर खुद को सीबीआई या पुलिस पुलिस अफसर बताकर लोगों से ठगी की कोशिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष करुणा सोलंकी के पति कौशलेंद्र सिंह से बेटी को गिरफ्त में बताकर 20 लाख रुपये मांगे गए।
पंखा रोड निवासी कौशलेंद्र सिंह नरऊ के पूर्व प्रधान हैं। कौशलेंद्र ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे उनके मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले खुद को हरियाणा के गुरुग्राम में तैनात पुलिस अफसर बताकर उनकी बेटी को अपनी गिरफ्त में बताया और उसे छोड़ने के बदले 20 लाख रुपये मांगे। रुपये गुरुग्राम आकर देने को कहा।
कौशलेंद्र ने बताया कि उनकी बेटी एयर क्रॉफ्ट इंजीनियर है। वह सुबह बेंगलूरू में थी। दूसरी बेटी ने उससे फोन पर बात कर ली। तब उन्हें ठगी की कोशिश का अहसास हुआ। इसके बाद कौशलेंद्र ने फर्जी पुलिस अफसर को फोन पर ही खरीखोटी सुना डालीं। उन्होंने आरोपी के व्हाट्सएप की डीपी पर लगे फोटो के साथ फोन नंबर के बारे में कोतवाली पुलिस को अवगत करा दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।