उझानी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सकरी जंगल में वैवाहिक कार्यक्रम में चल रही नौटंकी बंद कराने को लेकर एक पक्ष के लोग भड़क गए। उन्होंने प्रधान के पति पर पुलिस को फोन करने का आरोप लगाते हुए उसके घर पर हमला कर दिया। तोड़फोड़ और मारपीट भी की। हमले में प्रधान पति का भतीजा घायल हो गया।
घटना रविवार रात करीब आठ बजे की है। सकरी जंगल गांव की प्रधान के पति मोहम्मद रिजवान ने बताया कि पड़ोस के हाशिम के घर पर वैवाहिक कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शाम सात बजे नौटंकी शुरू हुई तो पुलिस को भनक लग गई। पुलिस ने आकर नौटंकी बंद करवा दी। इसके बाद हाशिम और उनके परिजनों ने यह कहते हुए प्रधान के घर पर धावा बोल दिया कि उन्होंने फोन करके पुलिस को सूचना दी है। आरोपियों ने प्रधान पति के भतीजे नोमान को पीटकर घायल कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने रिजवान के घर में तोड़फोड़ की। घरेलू सामान भी फेंक दिया गया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह से कमरे में बंद होकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर भाग गए। सोमवार दोपहर कोतवाली आए प्रधान पति के घायल भतीजे का पुलिस ने मेडिकल कराया। पुलिस ने हाशिम, कासिम, फरमान, फुरकान, युसूफ, अरशद, अशफाक और जीशान के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।