उझानी में सुबह को स्लैब तोड़ती जेसीबी। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। बाजार को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए चल रही कार्रवाई के तीसरे दिन शुक्रवार को भी पालिका का बुलडोजर चला। सुबह पालिका की टीम ने अशफाक तिराहे के पास स्लैब ढहा दिए। उस वक्त तक दुकानें भी नहीं खुल पाईं थीं। दोपहर बाद बदायूं रोड पर अतिक्रमण चिह्नित किया गया, जिससे व्यापारियों में खलबली मची रही।
अतिक्रमण हटाओ अभियान बुधवार दोपहर बाद शुरू हुआ था। डीएम के आदेश पर पालिका की कार्रवाई के दौरान घंटाघर चौराहे से कछला रोड बाजार पर फोकस किया गया। दोनों दिन कछला रोड बाजार में ही अभियान चला। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे सफाई निरीक्षक हरीश कुमार त्यागी के नेतृत्व में पालिका की टीम तिराहे पर पहुंच गई। इस समय इलाके में कोई दुकान नहीं खुल पाई थी। यहां बुलडोजर से दुकानों के आगे स्लैब और टिनशेड तोड़ दिए गए। एक दर्जन से अधिक अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की गई। दोपहर बाद बदायूं रोड बाजार में अतिक्रमण चिह्नित किया जाने लगा तो दुकानदार सड़क किनारे से खुद ही अपना सामान समेटने लगे।
-----------
बिल्सी रोड बाजार में भी अतिक्रमण चिह्नित
नगर पालिका परिषद की ओर से कर्मचारियों की चार सदस्यीय टीम ने शुक्रवार दोपहर बिल्सी रोड बाजार का रुख किया। जिन स्थानों पर अतिक्रमण ज्यादा था, उसकी वीडियोग्राफी कराई गई। इसे लेकर दुकानदार सकते में पड़ गए। उन्होंने दुकानों के बाहर नालियों को दबाकर रखे गए तख्त हटाए।