बदायूं। ककोड़ा मेले में इस बार खेलकूद प्रतियोगिता के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पहले जहां गंगा स्नान के बाद खेलकूद प्रतियोगिताएं होती थीं, इस बार प्रतियोगिताएं गंगा स्नान से पहले कराई जाएंगी। मेला मैदान में 23 नवंबर को वॉलीबाल, कबड्डी और दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिताएं सिर्फ ओपन बालक वर्ग के लिए होंगी। इसमें 300 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना जताई जा रही है।
आसपास के गांवों के साथ ही दूर-दराज से आने वाले खिलाड़ी भी इसमें प्रतिभाग करेंगे। जिला क्रीड़ाधिकारी अमित रिछारिया ने बताया कि प्रतियोगिता 23 नवंबर को मेला स्थल पर आयोजित होगी। प्रतियोगिता के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मैदान को चिह्नित करने के बाद उसे समतल कराया जाएगा। दौड़ प्रतियोगिता के लिए ट्रैक भी तय किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक हो जाती थी, जिससे प्रतियोगिता के लिए तैयार किया मैदान खराब हो जाता था। इससे आयोजन में परेशानी होती थी, इसलिए इस बार स्नान से पहले प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया गया है। प्रतियोगिता में विजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
वहीं दौड़ में अव्वल रहने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। खेलकूद प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह है। युवा खिलाड़ी सुबह-शाम अभ्यास में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ककोड़ा मेला सिर्फ धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं को निखारने का भी मंच है।