विशुनपुरी के स्कूल का मामला, अभिभावकों ने किया हंगामा
सड़े केले लेकर बीईओ के आफिस पहुंचे ग्रामीण ने की शिकायत
विकास खंड म्याऊं के गांव विशुनपुरी के प्राइमरी और जूनियर स्कूल में बच्चों को मिड-डे मील में सड़े-गले केले खाने को दिए गए। इसकी जानकारी पर गांव के तमाम लोग स्कूल पहुंच गए और हंगामा किया। उन्होंने बच्चों से केले फिकवा दिए। इसके बाद नाराज अभिभावक स्कूल में बांटे गए खराब केले लेकर खंड विकास अधिकारी से शिकायत करने उनके कार्यालय पहुंच गए। बीईओ ने उनको कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मिड डे मील में सोमवार को केलों का वितरण किया जाना था। विशुनपुरी के प्राइमरी और जूनियर स्कूल में बच्चों को जो केले दिए गए, वे बेहद खराब थे। काफी सड़-गल गए थे। केले मिलने के बाद कुछ-एक बच्चों ने उन्हें खाने के बजाय तुरंत इसकी शिकायत अभिभावकों तक पहुंचा दी। इस पर कई अभिभावक विरोध करने के लिए स्कूल जा पहुंचे। उन्होंने प्रधानाध्यापक से इस बारे में आपत्ति जताई तो उन्होंने साफ कह दिया कि उन्होंने तो सड़े-गले केले बच्चों को न देने को प्रधान के लोगों से कहा लेकिन उनकी बात सुनी नहीं गई। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा काटा। इसके बाद गुस्साए ग्रामीण एकत्र होकर बीईओ कार्यालय म्याऊं पहुंचे और केले दिखाते हुए मामले की शिकायत की। ग्रामीणों को बीईओ ने भरोसा दिलाया है कि वह मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराएंगे। ग्रामीणों ने डीएम से भी इसकी शिकायत करने की बात कही है। उनका कहना है कि मिड-डे मील में सरकार से पर्याप्त पैसा आने के बावजूद बच्चों को ठीक से वितरण नहीं किया जाता है। मीनू के मुताबिक भोजन भी नहीं मिलता है। पहले भी खराब केले दिए गए।
------
मैने खराब केले बांटने से मना किया था लेकिन प्रधान के लोगों ने बात नहीं सुनी। इसके बाद ग्रामीण पहुंच गए। मैने मामले की जानकारी अधिकारियों को दे दी है।
-रईश अहमद, प्रधानाध्यापक, विशुनपुरी, ब्लाक म्याऊं।