बिल्सी में आयोजित टी-10 कि्रकेट टूर्नामेंट में खेलते खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : mathura
बिल्सी। बदायूं बस स्टैंड के निकट मैदान पर चल रहे टी- 10 क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को रोमांचक मुकाबला हुआ। इस मैच में आश्रम क्रिकेट क्लब ने फरीदी क्लब को 20 रनों से हराया। जीत में निर्णायक भूमिका निभाने वाले आकाश बाबू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फरीदी क्लब के कप्तान फतेह फरीदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। आश्रम क्लब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 97 रन बनाए। इसमें आकाश ने 16, बॉबी ने 11, अमन ने आठ, प्रिंस ने 10, रितिक जैन ने 23 और मुशीर अंसारी ने 24 रन बनाए। गेंदबाजी में फरीदी क्लब की ओर से वसीम और दीवान ने दो-दो विकेट लिए। अशोक कुमार और फईम ने एक-एक विकेट लिया।
98 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फरीदी क्लब की टीम आश्रम क्लब के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी। पूरी टीम 77 रनों पर सिमट गई। बल्लेबाजी में अभिषेक ने 23, मुदित असावा ने 19, कप्तान फतेह फरीदी ने 14, फईम ने छह और वसीम ने पांच रन बनाए। आश्रम क्लब की ओर से गेंदबाजी में आकाश बाबू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके। रितिक जैन ने तीन और बच्चू ने एक विकेट लिया। वहीं ऑल राउंडर प्रदर्शन करने वाले आकाश बाबू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच के दौरान विशाल, रिजवान मलिक, इकरार अहमद, मिंटू सागर, बुमराह, अभिषेक शर्मा, वसीम कुरैशी, जीतू सैनी, समीर कादरी आदि मौजूद रहे।