आसफपुर और बिसौली के किसान गेहूं की पैदावार नहीं करते? जी हां, इस बार सरकार ने शायद यही सोचकर इन दोनों जगहों पर खरीद केंद्र नहीं खोला है। जनपद की सीमा पर स्थित गांव टोडरपुर के किसान को अपना गेहूं बेचने के लिए 25 किमी दूर जाना होगा।
एक ओर तो सरकार किसानों का हर तरह का गेहूं खरीदने का दावा कर रही है वहीं पर आसफपुर और बिसौली में एक भी गेहूं खरीद केंद्र नहीं खोला गया है। अगर भौगोलिक दृष्टि से देखा जाए तो बिसौली-आसफपुर रोड और चंदौसी रोड पर एक भी गेहूं खरीद केंद्र नहीं खोला गया है। शासन स्तर पर वजीरगंज में पांच, भानपुर, फैजगंज, बेहटाकोढा, पपगांव, कंजुआ और वगरैन सहित पूरे तहसील क्षेत्र में 11 गेहूं खरीद केंद्र खोले गए हैं। पिछली बार बिसौली में मंडी समिति में एक गेहूं क्रय केंद्र था। गौरतलब है कि जनपद की सीमा पर स्थित गांव भूड़ बिसौली, पिपरिया, श्यामपुर, रौला आदि दो दर्जन से अधिक गांवों के किसानों को अपना गेहूं बेचने के लिए कम से कम 25 किमी दूर जाना होगा। अभी तो किसानों को क्षेत्र में खुले गेहूं खरीद केंद्र की जानकारी नहीं है।
कई गेहूं क्रय केंद्र खोलने के लिए शासन को लिखा गया है। इस पर शीघ्र कार्यवाही होगी। - गुलाब चंद्र, एसडीएम