पिटाई से घायल किन्नर और डांसर। संवाद
उझानी। बिल्सी के अंबियापुर में कार्यक्रम के दौरान किन्नर समेत कलाकारों को किन्नरों के दूसरे गुट ने दूसरे इलाके में नेग वसूलने का आरोप लगाते हुए घेर लिया। कलाकारों को आरोपी किन्नर कार से उझानी ले आए। आरोप है कि मारपीट के बाद उनके बाल काट डाले। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुंवरगांव निवासी किन्नरों की गुरु रज्जो ने घटना सोमवार सुबह पांच बजे की बताई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी साथी किन्नर विनीता के साथ कुंवरगांव के निवासी कलाकार किशन पुत्र महेंद्रबबलू पुत्र उमाशंकर और आदेश पुत्र ऋषिपाल बिल्सी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में गए थे। लौटते समय जब वह अंबियापुर चौराहे पर खड़े थे तो उझानी निवासी किन्नरों के गुट ने विनीता समेत कलाकारों को घेर लिया। उनकी पिटाई कर उझानी लेकर पहुंच गए। रज्जे ने बताया कि उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो कलाकारों व किन्नर विनीता को मुक्त करा दिया गया।
आरोप है कि उझानी निवासी किन्नरों ने तब तक किन्नर विनीता, कलाकार किशन, बबलू और आदेश के बाल काट डाले गए। विनीता और कलाकारों की बेरहमी से पिटाई की गई। विनीता ने लूट का भी आरोप लगाया है। कलाकारों ने अपने शरीर पर चोटों के निशान भी दिखाए। शाम करीब पांच बजे रज्जो के साथ विनीता और कलाकार फिर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कराने के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन वह उपचार कराने के बजाय खुद को जिला अस्पताल रेफर करवा ले गए।
इधर, प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि किन्नर विनीता की शिकायत पर उझानी निवासी गंगा उर्फ विजय उर्फ सना समेत उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।