बदायूं। हाथ पैर बांधकर रात भर युवक की पिटाई के मामले में अब नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि अरशद युवती के घर में घुसा था। उसे संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ने के बाद उसकी जमकर पिटाई की गई थी।
कोतवाली दातागंज इलाके के मोहल्ला नालापार निवासी अरशद को मंगलवार रात एक घर में बंधक बना लिया गया था। अरशद आधार संशोधन करने का काम करता है। छानबीन में पता चला कि शादीशुदा होने के बाद भी उसका तीन युवतियों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। मंगलवार रात को वह एक घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। इसके बाद परिजनों ने उसके हाथ बांध लिए और पिटाई शुरू कर दी। रातभर उसे घर में बंद करके पीटा गया। मुंह पर कालिख पोती गई। सुबह होने के बाद डायल 112 पुलिस को घर में चोर पकड़ने की सूचना दी गई।
छानबीन में यह भी पता चला कि अरशद के छोटे भाई के ससुराल वालों का इस घटना से कोई मतलब नहीं। उनका तो खुद मारपीट करने वालों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। अब पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
टेंपो में डालकर ले गए थे थाने
- लोगों की पिटाई से बेसुध हुए अरशद को डायल 112 पुलिस ने अपनी गाड़ी से ले जाने से साफ इन्कार कर दिया था। इसके बाद पिटाई करने वाले लोग उसको पुलिस के सामने ही घसीटते हुए एक टेंपो में डालकर थाने तक ले गए।
घरों से भागे हैं बाकी हमलावर
एसएचओ दातागंज अरिहंत सिद्धार्थ ने बताया कि नामजद आरोपी घरों से भागे हुए हैं। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में कुछ और नाम भी बताए हैं। उनकी भी तलाश की जा रही है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।