उझानी। रामलीला महोत्सव में तीन दिवसीय दंगल (कुश्ती) का जिला केसरी के खिताबी मुकाबले के साथ समापन हो गया। कछला के आरिफ पहलवान को जिला केसरी तो उझानी के शिवम को ब्लॉक केसरी चुना गया। दंगल केसरी शामली के काली पहलवान बने। उन्होंने लखनऊ के बॉबी मिश्रा को 51 हजार रुपये की कुश्ती में पछाड़ दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने विजेता पहलवानों को शील्ड भेंट कर पुरस्कृत किया।
एमजीपी कॉलेज के मैदान पर कुश्ती के खिताबी मुकाबले बृहस्पतिवार शाम करीब तीन बजे शुरू होकर सात बजे तक चले। जिला केसरी के लिए मुकाबला कछला के आरिफ और गूरा नवीगंज निवासी मोहित के बीच हुआ। दोनों के बीच जोरदार मुकाबले में आरिफ और मोहित शुरूआत में एक-दूसरे से कमजोर नजर नहीं आए, लेकिन अंतिम समय में आरिफ ने मोहित को पटकनी देकर जीत हासिल कर ली।
ब्लॉक केसरी के लिए उझानी के शिवम ने कछला के ताजिद को हरा दिया। दंगल केसरी के मुकाबले में काली पहलवान को विजेता घोषित किया गया। काली पहलवान ने इनामी कुश्ती में लखनऊ केसरी बॉबी मिश्रा को पछाड़ दिया। काली पहलवान को 31 और बॉबी को 20 हजार रुपये का भी पुरस्कार मिला।
इससे पहले अयोध्या के हरदास पहलवान ने महोबा के सोनू, दातागंज निवासी दिव्यांग पहलवान जगदीश ने हरियाणा के राम पहलवान, कादरचौक के रिहान ने हरियाणा के मन्नी पहलवान, हरिद्वार के राहुल पांडेय ने पंजाब के प्रताप, हरियाणा के काशी पहलवान ने दहेमू के राजू और कासगंज के जुगेंद्र पहलवान ने हरियाणा के सोनू को हरा दिया।
दिल्ली के ओम पहलवान और पसेई के ह्रदेश, हरियाणा के काशी पहलवान और नौगवां के जितेन के बीच मुकाबला किसी नतीजा पर नहीं पहुंच पाया। दंगल केसरी काली पहलवान को भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता और मेलाध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया। इसके अलावा जिला केसरी और ब्लॉक केसरी पहलवानों को कोच सत्यनारायण शर्मा, डॉ. रिजवान अहमद और दंगल संयोजक हरवंश यादव ने पुरस्कृत किया। इस मौके किशनचंद्र शर्मा, मुकेश शर्मा, गिरीशपाल सिसोदिया, बलराम यादव, पूर्व जिला केसरी राजेंद्र पहलवान और राहुल शंखधार आदि मौजूद थे।
दर्शकों की मांग पर दिव्यांग पहलवान ने फिर दिखाया दमखम
दातागंज निवासी दिव्यांग जगदीश पहलवान का पहला मुकाबला बेहद रोचक रहा। इनामी कुश्तियों की शृंखला में दर्शकों ने जगदीश को फिर से अखाड़े में लड़ाने के लिए आवाज बुलंद की तो डॉ. रिजवान अहमद ने 11 सौ रुपये के इनाम का ऐलान कर दिया। दिव्यांग जगदीश ने हाथरस के सोनू को हरा दिया। सोनू उनसे उम्र में कम और वजन में अधिक होने के बाद भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। जगदीश के लिए दर्शकों ने भी नकदी पुरस्कार देकर सम्मानित किया।