उझानी (बदायूं)। अमर उजाला अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स के तहत शुक्रवार को उझानी अब्दुल्लागंज के श्री सालिकराम आदर्श इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला आयोजित हुई। इसमें बतौर मुख्य अतिथि सीओ बिल्सी संजय कुमार रेड्डी ने कहा कि छात्राएं निर्भीक होकर पढ़ाई और तरक्की करें। बालिका और महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस स्तर की सुविधाओं की जानकारी दी। छात्राओं को स्कूल आते-जाते किसी से डरने की जरूरत नहीं है। कहीं, कभी डर महसूस हो तो मदद के लिए पुलिस के टोल फ्री नंबरों पर कॉल कर सहयोग लें। हर कदम पर पुलिस का साथ मिलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सीओ संजय कुमार रेड्डी ने सरस्वती पूजन से की। उन्होंने पुलिस की ओर से बालिका और महिला सुरक्षा को लेकर बात की। कहा- महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से टोल फ्री नंबर जारी किए गए हैं। ऐसे नंबरों के बारे में छात्राओं को पूरी जानकारी होनी चाहिए। स्कूल आते-जाते समय रास्ते में कोई भी अपशब्द कहे या फिर परेशान करने की नीयत से फब्तियां कसे तो बर्दाश्त न करें। सीओ ने कहा कि वह खुद से जुड़ी दिक्कतों को पहले अपने परिवार फिर शिक्षक और शिक्षिकाओं के साथ शेयर करें। पड़ोस में भी कोई किसी का उत्पीड़न करता है तो उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर ने कहा कि महिलाओं को अपने हक की आवाज उठाने में संकोच नहीं करना चाहिए। कॉलेज प्रबंधक राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि छात्राओं ने तरक्की करके देश का नाम रोशन किया है। महिलाओं में ही कोई पायलट तो कोई ट्रेन चालक या फिर बार्डर पर देश की रक्षा कर रही हैं। राजनीति में भी महिलाओं ने सम्मान पाया है। वह चाहें तो क्या नहीं कर सकतीं? प्रधानाचार्य दाताराम गोला ने भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया। कहा कि अपराजिता का मतलब ही कभी पराजित नहीं होना है। छात्राओं को अपराजिता बनकर आगे बढ़ते रहना चाहिए। संचालन शिक्षक सुरेशपाल शर्मा ने किया।
पुलिस अफसरों ने परखी छात्राओं की जिज्ञासा की हकीकत
उझानी। पुलिस की पाठशाला के दौरान ही सीओ संजय कुमार रेड़्डी और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर ने लक्ष्य से जुड़े मुद्दों पर छात्राओं से सवाल किए। एक शिक्षक की तरह दोनों अफसरों ने उनकी जिज्ञासाओं को परखा। उनसे प्रश्नों के उत्तर भी पूछे गए। कहा- इन्हीं छात्राओं में कोई आईएएस, आईपीएस, पीसीएस और पीपीएस बनेगा तो किसी को शिक्षिका बनाकर ज्ञान बांटना है। शुरू में लक्ष्य तय करके आगे की पढ़ाई की जाए तो सफलता कदम चूमेगी।