बदायूं। स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग पर डाटा एंट्री ऑपरेटर के 37 पदों पर नियम विरुद्ध की गईं नियुक्तियों के मामले में डीएम कुमार प्रशांत ने प्रभारी सीएमओ रहे डॉ. मंजीत सिंह से स्पष्टीकरण तलब किया है। डॉ. मंजीत सिंह ने जिला स्वास्थ्य समिति की अनुमति के बिना नौ जनवरी को 37 पदों पर साक्षात्कार कर भर्तियां कर ली थीं।
शासन ने जिले में आठ जनवरी को डॉ. यशपाल सिंह को बतौर सीएमओ तैनात कर दिया था। डॉ. यशपाल ने 10 जनवरी को चार्ज लिया था। इससे पहले नौ जनवरी को प्रभारी सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह ने नियमानुसार साक्षात्कार और नियुक्ति कमेटी का गठन किए बिना 37 पदों पर भर्तियां कर डाली थीं। अनियमितताएं सामने आने पर एक फरवरी को डॉ. यशपाल सिंह ने भर्तियां निरस्त कर रिपोर्ट डीएम कुमार प्रशांत को भेज दी थी। रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद डीएम ने प्रभारी सीएमओ रहे डॉ. मंजीत सिंह से कई बिंदुओं पर स्पष्टीकरण तलब किया है। माना जा रहा है कि भर्तियों के मामले में डॉ. मंजीत सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भर्तियों में भ्रष्टाचार के आरोप भी लग रहे हैं।
भर्तियां नियमानुसार नहीं हुई थीं। नियमानुसार साक्षात्कार और नियुक्ति कमेटी का भी गठन नहीं किया गया। आउटसोर्सिंग से 37 पदों पर नियम विरुद्व नियुक्तियों के मामले में डॉ. मंजीत सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
- कुमार प्रशांत, डीएम