बदायूं। सहसवान के गांव रसूलपुर बेला में तेंदुए को घेरकर मारने के मामले में एसआईटी की जांच लगभग पूरी हो गई है। मामले में कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है। कार्रवाई से पहले एक बार फिर से एसआईटी टीम बदायूं आ सकती है। कार्रवाई से पहले इनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
सहसवान के गांव रसूलुपर बेला में 12 जनवरी को तेंदुए ने हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया था। इसके बाद ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरकर मार डाला था। वन विभाग की टीम आठ घंटे के बाद मौके पर पहुंच सकी थी। मामले में रेंजन और वन रक्षक को सस्पेंड किया जा चुका है। मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव लखनऊ मुख्यालय राकेश पांडेय के नेतृत्व में तीन सदस्यों की एसआईटी मामले में जांच कर रही है। एसआईटी एक बार मौका मुआयना कर चुकी है। एसआईटी मुखिया राकेश पांडेय ने बताया कि कुछ अन्य अधिकारियों की लापरवाही की बात भी सामने आई है। जांच लगभग पूरी हो चुकी है। इन लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। टीम जांच रिपोर्ट सौंपने से पहले एक बार बदायूं का दौरा कर इनके बयान भी दर्ज करेगी।