बदायूं। राजकीय महिला महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया का अगला चरण शुरू हो गया है। महाविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों के लिए आठ से 10 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। साथ ही बीएससी (जेडबीसी) प्रथम वर्ष की प्रथम चरण की तीसरी मेरिट सूची भी जारी की है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, बीए प्रथम वर्ष और बीएससी (जेडबीसी) में केवल अनुसूचित जाति (एससी) एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की छात्राओं से आवेदन लिए जाएंगे। वहीं, बीएससी (पीसीएम) और बीकॉम प्रथम वर्ष की रिक्त सीटों पर सभी वर्गों की छात्राएं आवेदन कर सकेंगी।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि जिन छात्राओं ने विश्वविद्यालय पंजीकरण फॉर्म में ईडब्ल्यूएस श्रेणी दर्ज नहीं कराई है, उन्हें पहले अपने पंजीकरण में संशोधन कराना होगा, तभी उनके आवेदन पर विचार किया जाएगा। बीएससी (जेडबीसी) प्रथम वर्ष की जारी तीसरी मेरिट सूची में चयनित छात्राओं के प्रवेश सात से नौ जुलाई तक कराए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों में सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ प्रवेश समिति के समक्ष काउंसलिंग के लिए उपस्थित होना होगा। प्राचार्य डॉ. वंदना ने बताया कि काउंसलिंग के बाद उसी दिन प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य रहेगा।