बदायूं। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए केंद्र सरकार ने ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इसकी समय-सारिणी भी घोषित की गई है। शिक्षक 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। उसके बाद जिला चयन समिति जांच करेगी। साथ ही प्रदेश स्तरीय चयन समिति के लिए रिपोर्ट भेज दी जाएगी।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस पुरस्कार के लिए चयनित होने वाले शिक्षकों को भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जाता है।
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक गुलनवाज आलम ने सभी माध्यमिक स्कूलों को पत्र जारी कर बताया कि जो शिक्षक आवेदन के इच्छुक हों, वह 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते है। उसके बाद में 16 से 25 जुलाई तक जिलास्तरीय कमेटी पत्रों की जांच करेगी।
चयनित शिक्षकों की सूची को आगे बढ़ाएगी। 26 जुलाई से 4 अगस्त तक प्रदेश स्तर पर चयन कमेटी जांच करेगी। उन्हें राष्ट्रीय स्तर के लिए भेजेगी। पांच व छह अगस्त को राष्ट्रीय स्तर पर गठित कमेटी मानकों के आधार पर चयन करेगी। शिक्षकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संपर्क करेगी। 13 अगस्त तक नाम फाइनल किए जाएंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री की संस्तुति मिलने के बाद 5 सितंबर को विजेता अध्यापकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। शिक्षक इस ऑनलाइन पोर्टल https://nationalawardstoteachers.education.gov.in/ के आवेदन कर सकते हैं।