बदायूं। दो दिनों में ट्रैक्टरों के चालकों की लापरवाही से सात जानें चली गईं। उझानी क्षेत्र में रेस लगाने के दौरान दो ट्रैक्टरों के चालकों ने ई-कार्ट रौंद दियाा। वहीं, कादरचौक क्षेत्र में चतुरी के पास ट्रैक्टर की टक्कर से ककोड़ा निवासी राजीव कुमार (30) की मौत हो गई। युवक अपने मां-बाप का इकलौता चिराग था।
काकोड़़ा के मेवाराम ने बताया कि उनका बेटा राजीव कुमार बुधवार सुबह बाइक से खेत जाने के लिए घर से निकला था। गांव चतुरी के पास पहुंचने पर उसकी मोटर साइकिल में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर से राजीव मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गया। इसके बाद ट्रैक्टर चालक भाग गया। राजीव को गंभीर हालात में चतुरी गांव के स्थानीय लोग घर लेकर आए। इसके बाद आनन-फानन में राजीव को बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया, यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम कराया गया। राजीव तीन बहनों में अकेला भाई था। उसकी आठ साल पहले गिरदरपुर मलगांव की निवासी पूजा से शादी हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। संवाद