रसोई गैस सिलेंडर में निर्धारित से कम गैस निकलने पर उपभोक्ता भड़क उठे।
उन्होंने सिलेंडर बदलने के लिए गोदाम पर मौजूद कर्मियों को सौंपा तो सुनवाई
नहीं हुई। गुस्साए उपभोक्ताओं ने गोदाम के सामने सड़क पर जाम लगाकर
प्रदर्शन किया। गोदाम पर भी काफी देर तक हंगामा होता रहा।
यह मामला
बृहस्पतिवार सुबह का है। कोतवाली क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी शारिक और
आलम गैस सिलेंडर लेकर गोदाम पर पहुंचे। दोनों ने सिलेंडरों में तीन से चार
किलोग्राम तक गैस कम बताते हुए गोदाम कर्मी के सामने तौल भी कराई। उन्होंने
सिलेंडर बदलकर देने को कहा तो गैस एजेंसी से जुड़े गोदाम कर्मी ने सिलेंडर
बदलने से इंकार कर दिया। इसी बीच दो-तीन अन्य उपभोक्ता भी सिलेंडर में गैस
कम होने की शिकायत लेकर पहुंच गए। आरोप है कि गोदाम कर्मी ने उपभोक्ताओं
के साथ अभद्रता की।
गोदाम कर्मी से उपभोक्ताओं की नोकझोंक के दौरान ही
हंगामा शुरू हो गया। कई और उपभोक्ता आलम और शारिक के साथ हो साथ गए।
गुस्साए उपभोक्ताओं ने सिलेंडर का वितरण भी नहीं होने दिया। हंगामा करते
हुए उपभोक्ता गोदाम के सामने बदायूं रोड पर जा धमके। उन्होंने जाम लगा
दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर जाम तो
खुलवा दिया, लेकिन सिलेंडर नहीं बदलवाए गए। शारिक ने गैस एजेंसी मालिक समेत
गोदाम कर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली में तहरीर सौंप दी है। इधर,
इंडेन गैस एजेंसी मालिक अनूप जैन ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में
पहुंचा तो सिलेंडर चेक कराए गए। जो सिलेंडर लौटा, उस पर संशय है।