सिटी मजिस्ट्रेट काे ज्ञापन सौंपते पदाधिकारी। स्रोत संगठन
बदायूं। सिंचाई विभाग ड्राइंग स्टॉफ एसोसिएशन की बैठक नलकूप खंड कार्यालय प्रथम के ड्राइंग अनुभाग में हुई। बैठक में संगणक व प्रारूपकार संवर्ग की वर्षों से लंबित समस्याओं पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख सात मांगें हैं। इसमें संगणक से सहायक अभियंता (सिविल) पद पर पदोन्नति, एसीपी के तहत अवर अभियंता के समान 4600 रुपये ग्रेड पे इग्नोर करते हुए वेतनमान स्वीकृत करने की मांग शामिल है। इसके अलावा ड्राइंग संवर्ग के कार्मिकों के लिए अवर अभियंता (सिविल/यांत्रिक) पद पर सीधी पदोन्नति के लिए पृथक कोटा निर्धारित करने व एक जनवरी 1986 से चली आ रही वेतन विसंगतियों को दूर कर समतुल्य वेतनमान दिए जाने की मांग भी उठाई गई।
इसके बाद में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम मांग पत्र डीएम को सौंपा। जिला सचिव मो. जहीर ने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक समाधान नहीं किया गया है। जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। कोषाध्यक्ष चैतन्य कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।