मानदेय बढ़ाने और विभिन्न अतिरिक्त कार्यों से मुक्त कराने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी वर्करों ने सोमवार को हल्ला बोल रैली निकालकर धरना-प्रदर्शन किया। सीएमओ दफ्तर और विकास भवन कार्यालय का घेराव करके संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया, जिससे उनकी मांगें पूरी की जा सकें।
अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासभा के बैनर तले आंगनबाड़ी वर्कर मालवीय आवास पर एकत्र हुईं। यहां धरना के बाद हल्ला बोल रैली निकालते हुए सीएमओ कार्यालय पहुंची, जहां सीएमओ दफ्तर का घेराव कर ज्ञापन दिया। इसके बाद विकास भवन जाकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। इसमें पुष्टाहार का ढुलाई भाड़ा, किराए के भवनों का किराया, विभाग के अतिरिक्त कोई कार्य न लिए जाने, मानदेय दिलाने, टीकाकरण का भुगतान करने समेत अन्य तमाम मांगें उठाई गईं। संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष मोरश्री गुप्ता के साथ प्रदर्शन करने वालों में रेखा, सुषमा, रानू सिंह, चंदकिशोरी, सोमवती, कुसुम, सुमन, मंजू, शशि आदि शामिल रहीं।