शहर में स्थित छोटे सरकार की दरगाह पर चादरपोशी करने और फूल एवं इत्र चढ़ाकर दुआएं मांगने वाले जायरीन की भारी भीड़ सोमवार को पहुंची। दिन भर दरगाह परिसर में सुदूर क्षेत्रों से जायरीन आते रहे। मुस्लिमों के साथ ही हिंदू अकीदतमंदों ने यहां पहुंचकर चादरपोशी की और दुआएं मांगीं।
अन्य जिलों के साथ गैर प्रांतों से भी तमाम जायरीन छोटे सरकार की दरगाह पर चादरपोशी करने के लिए पहुंच रहे हैं। दरगाह परिसर में जायरीन की भारी भीड़ हर वक्त मौजूद रहती है। दरगाह कमेटी की ओर से जायरीन की सुविधा के लिए तमाम इंतजाम किए हैं, लेकिन उनकी आमद को देखते हुए ये प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। दरगाह के आसपास फूल और चादरों के साथ इत्र एवं अन्य तमाम दुकानें लगी हुई हैं। दरगाह के आसपास लगी दुकानों पर जायरीन जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
-----
शफीक अहमद ने की चादरपोशी
बदायूं। शायर शफीक अहमद ने अपने खानदान के साथ छोटे सरकार की दरगाह पर चादरपोशी की। साथ ही नात पढ़ी। शफीक ने बताया कि उनका परिवार यमन से ताल्लुक रखता था। वहां से आकर यहां पर बस गया और उनका खानदान लंबे अर्से से छोटे सरकार की दरगाह पर चादरपोशी कर रहा है।
------
सांसद के सचिव और प्रतिनिधि ने चढ़ाई चादर
बदायूं। सांसद धर्मेंद्र यादव के सचिव विपिन यादव एवं प्रतिनिधि अवधेश यादव ने हजरत शाह विलायत साहब के उर्स पर छोटे सरकार पर जाकर चादरपोशी की। साथ ही मुल्क में शांति तथा एकता के लिए दुआ मांगी। जावेद पीर, अशरफ पीर, सतेंद्र यादव, अनिल गोस्वामी, प्रभात अग्रवाल, अकरम, शाहनवाज आलम, मोहम्मद रफीक, अहमद खान, सलमान, अदनाम, सलीम, शोएब, तनवीर, परवेज अहमद, यूसुफ अली, यासीन, आदिल, आरिफ, भूरे गद्दी, लड्डन, गुड्डू खां, शराफत हुसैन आदि मौजूद रहे।