आंगनबाड़ी वर्कर का धरना प्रदर्शन जारी
- फोटो : बदायूं/उत्ततर प्रदेश्ा
नियमित किए जाने और वेतन बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर ने मंगलवार को भी धरना प्रदर्शन किया। डीपीओ के हड़काने के दूसरे दिन आंगनबाड़ी वर्कर एकजुट और आक्रोशित नजर आईं। आंगनबाड़ी वर्कर ने राष्ट्रराग को संशोधित करके गाते हुए कहा कि रघुपति राघव राजाराम... जितना वेतन उतना काम। यह भजन गाने के साथ ही विभाग के खिलाफ भी नारेबाजी की। धरना-प्रदर्शन कर रहीं आंगनबाड़ी वर्कर ने कहा कि बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार उन लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, क्योंकि आंगनबाड़ी वर्कर सिर्फ महिलाएं ही हैं। वे लोग महज 3200 रुपये में अपना केंद्र कैसे संचालित करें। जिलाध्यक्ष मिथिलेश ने कहा कि प्रदेश व्यापी हड़ताल अब उग्र रूप ले चुकी है, क्योंकि आंगनबाड़ी वर्कर केंद्रों को बंद करके प्रदर्शन में शामिल हो रही हैं। बोलीं, आंगनबाड़ी वर्कर की धनराशि बढ़ाने से क्या सरकार का खजाना कम हो जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सरलेश, सितारा, अजीम वानो, कीर्ति, चंद्रकांता, मंजू, नीरा, प्रवेश, रेशमा, सर्वेश, रेनू चौहान, नीरज, भारती, अर्चना, प्राची, किरन देवी, सुमन, कुसुमलता, राजेश, सुनीता सिंह आदि मौजूद रहे।