पथिक चौक के पास गिरा मकान। संवाद
बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र में टीले पर बना पुराना मकान सोमवार सुबह भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय मकान में कोई नहीं था। नहीं तो बड़ा हादसा संभव था। गैरेज में खड़ी कार मकान के मलबे में दब गई। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मोहल्ला शेखपट्टी निवासी राकेश शर्मा का मकान काफी पुराना है। यह मकान टीले पर बना हुआ है। लगातार बरसात होने के चलते मकान के नीचे की मिट्टी गीली हो गई थी। सोमवार सुबह दस बजे मकान के नीचे की मिट्टी धंसना शुरू हो गई। इससे मकान की दीवारों में दरार आ गई। पड़ोसी ने इस मामले की जानकारी राकेश शर्मा को दी। वह परिवार के साथ मकान के बाहर आ गए। कुछ ही देर में मकान का लगभग आधा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा।
मकान के बराबर में एक कार गैराज भी बना हुआ है। मकान का मलबा गैराज के टिनशेड पर गिरा तो वह भी टूट गया। मलबे में दबकर वहां खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र पाल सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। मकान की स्थिति देख उन्होंने मकान के शेष हिस्से को भी ढहाने के निर्देश दिए, ताकि आगे कोई हादसा न हो।
पथिक चौक के पास गिरा मकान। संवाद