दातागंज। अरिल और रामगंगा नदी में रविवार रात एकाएक जलस्तर बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हो गया। नदियों से आया पानी खेतों में होते हुए गांव तक पहुंच गया है। तहसील मुख्यालय से गांव को जोड़ने वाली सड़कें पानी में डूब चुकी हैं। आवागमन जारी रखने के लिए प्रशासन ने यहां नाव चलाई है। बाढ़ से करीब 16 गांवों में आने-जाने का रास्ता नहीं बचा है। नगरिया खनू और विहारीपुर में कटान की वजह से तीन सौ बीघा जमीन गंगा में समा चुकी है। साथ ही दोनों गांवों के वजूद पर भी खतरा मंडरा रहा है।
रविवार रात को एकाएक जलस्तर बढ़ने से रामगंगा के किनारे बसे 16 गांव चौतरफा पानी से घिर गए। इन गांवों के लिए बची एक मात्र सड़क भी बाढ़ के पानी में बह गई। इससे आवागमन ठप हो गया। करीब 50 हजार लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। इसके अलावा रामगंगा की बाढ़ से लालपुर खादर से गढि़या रंगीन, हजरतपुर से लालपुर खादर, नगरिया खनू से लालपुर खादर के रास्ते पूरी तरह बंद हो गए हैं।
अरिल नदी में बाढ़ आने से गढि़या शाहपुर से हर्रेनगला मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। यहां सड़कों पर चार से पांच फुट पानी है। कुछ लोग नाव और ट्यूब के सहारे निकल रहे थे। बाढ़ के कारण कटान भी शुरू हो गया। नगरिया खनू और विहारीपुर गांव के बाहर कटान में तीन सौ बीघा जमीन गंगा में समा चुकी है।
चारों ओर से घिरा नवादा बदन और अकट गांव
सोमवार को रामगंगा का जलस्तर 161.140 मीटर दर्ज किया गया, जो आने वाले 24 घंटों में और बढ़ने की आशंका है। क्षेत्र के नवादा बदन और अकट गांव को पानी ने चारों तरफ से घेर लिया। दातागंज तहसील तक जाने वाली सड़क पर पानी आ गया। इस सड़क से एक दर्जन से ज्यादा गांव के लोग तहसील जाते हैं। प्रशासन ने हर्रामपुर गांव के पास दो नाव लगाकर लोगों काे घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की।
इन गांवों में भरा पानी
नवादा बदन, गढि़या पैगंबरपुर, हर्रामपुर, शेरपुर, मौजमपुर, लालपुर खादर, पट्टी बिजा, पूरन भेंडा, अकट, ऊघौनगला, कुंडरा मझरा, देवेंद्र सिंह नगला आदि गांव में पानी भर गया है। गांव में आने-जाने के सभी रास्ते बंद हैं। गांव से काफी लोग सुरक्षित स्थानों पर जा चुके हैं, जो लोग फंसे हुए हैं उन्होंने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
रामगंगा में लगातार पानी बढ़ रहा है। प्रशासन पूरी तरह से यहां नजर बनाए हुए है। फिलहाल नाव की व्यवस्था की गई है, जिससे ग्रामीणों को कोई परेशानी न हो। साथ ही बाढ़ खंड की टीमों को लगाया गया है।- धर्मेंद्र सिंह, एसडीएम दातागंज
बाढ़ के पानी से घिरा नवादा बदन का गांव। संवाद
बाढ़ के पानी से घिरा नवादा बदन का गांव। संवाद