लखीमपुर। फत्तेपुर क्षेत्र के ग्राम ओलरापुर में चल रहे मां भगवती नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में दो क्वाटर फाइनल मैच खेले गए। पहला मैच मैगलगंज और अमृतपुर के बीच खेला गया। अमृतपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मैगलगंज की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 9.3 ओवर खेलकर सिर्फ 32 रन ही बना सकी। जवाब में अमृतपुर की टीम ने 2.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इसमें मैन ऑफ द मैच गुरुमीत सिंह रहे, उन्होंने शानदार चार विकेट लिए।
दूसरा क्वाटर फाइनल मूड़ा और मढ़िया के बीच खेला गया। इसमें मूड़ा की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मढ़िया की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में मात्र 49 रन ही बना सकी। जवाब में मूड़ा की टीम ने 7.3 ओवर में छह विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। इसमें गोपेश शुक्ला को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया।
इस मौके पर आयोजन समिति के पारूल सिंह, राजेंद्र सिंह, जालिम सिंह और सोनपाल सिंह सहित तमाम खेल प्रेमी मौजूद थे।