बिना पहिया घूमे 17 महिलाओं की डिलीवरी भी करा दी
एंबुलेंस 102 के स्टाफ का सामने आया बड़ा घोटाला
बदहाल सेवाओं के लिए बदनाम एंबुलेंस 102 के नाम एक घोटाला भी जुड़ गया है। एनआरएचएम के ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक ने भी स्वीकार किया है कि प्रथम दृष्ट्या गड़बड़ी हुई है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बिसौली सीएचसी पर तैनात एक एंबुलेंस 102 दो अगस्त को खबरा हो गई थी। इसे मरम्मत के लिए तीन अगस्त को वर्कशॉप भेज दिया गया। यह एंबुलेंस तीन से सात अगस्त तक वर्कशॉप में रही। गौर करने वाली बात यह है कि इस दौरान एंबुलेंस के रिकार्ड में दर्शाया गया कि इस एंबुलेंस से 17 महिलाओं को डिलीवरी के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इतना ही नहीं इस पर 124 लीटर डीजल भी खर्च किया। एंबुलेंस वर्कशॉप में खड़ी जरूर रही लेकिन स्टाफ के लोग इसे कागजों में दौड़ाकर डीजल डकारते रहे। मामला सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। सभी के दिमाग में एक ही सवाल है कि आखिर जब एंबुलेंस रोड पर चली ही नहीं तो कैसे 124 लीटर डीजल की खबर हो गई। इतना ही नहीं किस तरह से यह एंबुलेंस से 17 महिलाओं को प्रसव के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया।
एनआरएचएम के ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक कौशल शर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया गड़बड़ी पाई गई है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को बता दिया गया है। उच्च अधिकारियों के आदेश के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
----
बेहटा डंबरनगर में बुखार का प्रकोप जारी
ककराला। कादरचौक ब्लाक के गांव बेहटा डंबर नगर में बुखार का प्रकोप जारी है। गांव में दो दर्जन से ज्यादा लोग बुखार की चपेट में हैं। बेहटा डंबर नगर, बादुल्लागंज और पड़ोसी गांव मोहम्मदगंज में बुखार से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। गांवों में स्वास्थ्य कैंपों के नाम पर स्वास्थ्य विभाग औपचारिकताओं को पूरा कर रहा है। बुखार से सिलसिलेवार हो रही मौतों की वजह से गांव के लोगों में खौफ है।