लखनऊ में सीएम से मुलाकात करते विधायक व अधिवक्ता। स्रोत विधायक
बदायूं। अमर ज्योति कंपनी के निदेशकों और एजेंटों ने करोड़ों की ठगी की है। यह मामला अब मुख्यमंत्री दरबार तक पहुंच गया है। शुक्रवार को सदर विधायक और दो अधिवक्ताओं ने सीएम से मिलकर इसकी जानकारी दी। सीएम ने आश्वासन दिया कि ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रमुख सचिव गृह को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं।
अमर ज्योति कंपनी के निदेशक व पूर्व भाजपा नेता सूर्यकांत और शशिकांत पर कोतवाली में धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। एक मुकदमे में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने स्टे मिला है। तीन मुकदमे में पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इसको लेकर पीड़ितों का नेतृत्व कर रहे जिला बार एसोसिएशन के महासचिव अरविंद पाल सिंह परमार, उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र और रोहित सक्सेना की मुलाकात सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने सीएम योगी आदित्यनाथ से कराई।
अधिवक्ताओं ने मामले से जुड़ी एफआईआर, ज्ञापन और अखबारों में छपी खबर को सीएम को दिखाया। विधायक ने दावा कि प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि निदेशकों की गिरफ्तारी कर उनकी सपत्ति जब्त की जाए। साथ ही निवेशकों का रुपये लौटाया जाए।
तीन दिन के लिए धरना स्थगित
मालवीय आवास में कई दिनों से चल रहा धरना शुक्रवार को खत्म हो गया। अधिवक्ता रोहित सक्सेना ने बताया कि सीएम के आश्वासन के बाद तीन दिन के लिए धरना स्थगित कर दिया गया है। अगर तीन बाद कार्रवाई नहीं होती है तो फिर से प्रदर्शन किया जाएगा।
कई मार्गों के प्रस्ताव रखे, वन विभाग की शिकायत की
दहगवां। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता व भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने अपने गृह क्षेत्र के नेनोल बागवाला से ब्लाॅक मुख्यालय और दहगवां चौराहे से सांकरा तक सड़क के चौड़ीकरण कराए जाने की मांग रखी। इसके अलावा क्षेत्र की टूटी सड़कों की मरम्मत कराने, कुछ नई बनवाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि चौड़े मार्ग होने से अलीगढ़ के लिए रास्ता आसान हो जाएगा। मालपुर ततेरा के वन क्षेत्र में विभाग की मिलीभगत से अवैध कब्जा और अवैध कटान की शिकायत भी की।