बदायूं। बढ़ती बेरोजगारी के बीच युवाओं को रोजगार के साथ शिक्षा की भी जरूरत है। ऐसे में युवाओं को इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) एक बेहतर विकल्प साबित हो रहा है। युवा वर्ग रोजगार करने के साथ उच्च शिक्षा भी हासिल कर रहा है। इग्नू में छात्र-छात्राओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। 15 मार्च तक इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाने हैं। इन दिनों युवा इग्नू केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं।
जिले में अब तक इग्नू का एक ही केंद्र था। यह एनएमएसएन दास कॉलेज में संचालित होता था। अब राजकीय महाविद्यालय में भी एक केंद्र चल रहा है। दरअसल, युवाओं का एक बड़ा वर्ग ऐसा है जो रोजगार करने के साथ-साथ उच्च शिक्षा हासिल करना चाहता है। इग्नू में विभिन्न कोर्स हैं। ऐसे युवाओं की संख्या काफी ज्यादा है जो कोई रोजगार करते हैं और उनके साथ-साथ इग्नू से उच्च शिक्षा भी हासिल कर रहे हैं। इसके चलते युवाओं के बीच इग्नू की लोकप्रियता भी बढ़ रही है। इग्नू से उच्च शिक्षा हासिल करने वाले युवाओं की मानें तो दूरस्थ शिक्षा उनके लिए अच्छा विकल्प है। रोजगार करने के साथ-साथ वह उच्च शिक्षित भी हो रहे हैं। यह डिग्री भविष्य में उनके काफी काम आएगी। वहीं शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि इग्नू की ओर युवाओं का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। युवाओं के साथ उम्रदराज लोग भी इग्नू से उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हैं।
इग्नू ऐसे लोगों के लिए उच्च शिक्षा का बड़ा माध्ययम है जो लोग रोजगार या नौकरी करने के साथ-साथ उच्च शिक्षा भी हासिल करना चाहते हैं। मैंने खुद इग्नू से उच्च शिक्षा हासिल की है। इग्नू को लेकर युवाओं में रुचि बढ़ रही है। इग्नू के कई ऐसे कोर्स हैं जो युवाओं को आत्मनिर्भर बनाते हैं। -सफीरउद्दीन, छात्र
युवा चाहता है कि वह रोजगार के साथ-साथ उच्च शिक्षा भी हासिल कर सके। इसके लिए इग्नू एक बेहतर माध्यम है। अब दास कॉलेज के साथ-साथ राजकीय डिग्री कॉलेज में भी इग्नू सेंटर संचालित हो रहा है। इग्नू से उच्च शिक्षा हासिल करने वाले युवाओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।- डॉ. मोहम्मद शोएब, प्रवक्ता, एनएमएसएन दास कॉलेज