बिल्सी। ग्राम कुदरनी में भूमि की पैमाइश के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर महिलाओं से मारपीट की। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम कुदरनी निवासी नितिन पुत्र मुन्नालाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे लेखपाल गांव में भूमि की पैमाइश करने आए थे। इसी दौरान घूर की जमीन को लेकर पुराना विवाद सामने आ गया। आरोप है कि तभी गांव के ही कुछ दबंग मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि हमले में उसके सिर में चोट आई है। उसकी बहन के साथ मारपीट कर अभद्रता की गई और कपड़े फाड़ दिए गए। मां के हाथ में भी चोट आई है। आरोप है आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।