वजीरगंज। फर्जी दस्तावेज तैयार कर खाते में हेराफेरी करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर वजीरगंज थाना पुलिस ने तीन नामजद सहित आईसीआई कंपनी के कर्मचारियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बा वजीरगंज वार्ड-11 निवासी नरेंद्र पाल की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मुवीन व नईम निवासी ग्राम हतरा थाना वजीरगंज और आकिल निवासी बेहटा जयकरन थाना बहजोई जिला संभल सहित आईसीआई कंपनी के अज्ञात कर्मचारियों ने धोखाधड़ी की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2015 में कंपनी से जुड़े लेनदेन में आरोपियों ने पांच साल में रकम तीन गुना करने का भरोसा दिया था।
2020 और 2025 में रकम मांगने पर भुगतान को लेकर विवाद हुआ। जानकारी के बिना फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक खाते में हेरफेर करने का आरोप है। आरोप यह भी है कि 6 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह मुवीन की दुकान पर रकम मांगने पहुंचा तो मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। शिकायतकर्ता के अनुसार थाने और एसएसपी से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, तब उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर वजीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कर की गई है। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक पवन कुमार भारद्वाज दी गई है।