अलापुर। क्षेत्र के गांव भसराला स्थित एक मदरसा में हुए टीकाकरण के दौरान गलत इंजेक्शन लगने से एक आठ वर्षीय बच्ची का हाथ खराब होने का आरोप लगाया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव भसराला निवासी मुख्त्यार अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी आठ वर्षीय बेटी अनमता गांव के मदरसा मुहम्मदिया आंसरुल उलूम में कक्षा चार की छात्रा है। बीती 22 अगस्त को उसकी बेटी पढ़ने गई थी। इसी दौरान मदरसा संचालक नवी हसन ने उसकी पुत्री को बुलाया और कहा कि टीकाकरण करने के लिए जगत ब्लॉक से टीम आई हुई है। इसके बाद मदरसे में ही शहाना बी, जो कि जगत ब्लॉक में तैनात हैं, ने बच्ची को टीका लगा दिया।
टीका लगने के कुछ ही देर बाद उसकी बेटी के हाथ में दर्द होने लगा। मदरसे की छुट्टी के बाद जब उसकी बेटी घर पहुंची तब उसके हाथ में तेज दर्द और सूजन थी। बेटी रातभर दर्द से कराहती रही। सुबह में वह बेटी को लेकर ब्लॉक जगत के अस्पताल में पहुंचा। यहां डॉ. मोहम्मद असलम को दिखाया और पूरी घटना बताई।
डॉक्टर ने एक पर्चे पर कुछ दवाइयां लिखकर देते हुए कहा कि यह दवा खिलाओ ठीक हो जाएगी। काफी दिन दवा खिलाने के बाद कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद हाथ ने काम करना पूरी तौर से बंद कर दिया। वह डॉ. मोहम्मद असलम के पास गया तो डॉक्टर ने उसे गाली-गलौज करते भगा दिया। पीड़ित ने डॉ. असलम, शहाना और मदरसा संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अगर यह लोग उसी समय बता देते तो यह समस्या ही नहीं होती। एक सप्ताह पूर्व लड़की को लेकर कई लोग आए थे तो मैंने उन्हें जिला अस्पताल और फिर बाद में मेडिकल काॅलेज में दिखवाया। लड़की का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उसकी हालत सुधर जाएगी।- डॉ. मोहम्मद असलम, एमओआईसी, जगत