जरीफनगर। गंगा किनारे सरकंडे काटने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। गांव सोनबुढ़ी के चार ग्रामीणों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने थाना जरीफनगर में शिकायती पत्र देकर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 11 अक्तूबर को दोपहर करीब 12 बजे सोनबुढ़ी निवासी जयसिंह, नरेश, डोरी और गौतम गंगा किनारे बतिया-बुर्जी बनाने के लिए सरकंडे के फूल काट रहे थे। इसी दौरान मालपुर ततैरा और जमुनी गांव के कुछ लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने सरकंडे काटने पर आपत्ति जताते हुए ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया।
विवाद बढ़ने की आशंका के चलते ग्रामीण लौट गए। ग्रामीणों का आरोप है कि अगले दिन, 12 अक्तूबर को गंगा किनारे दूसरे पक्ष का अलीगढ़ जिले के दादों थाना क्षेत्र के हरनपुर कलां के लोगों से विवाद हो गया। इसके बाद उन्हें झूठे मामले में फंसाने के इरादे से थाना जरीफनगर में शिकायत कर दी गई। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि थाने में तहरीर प्राप्त हुई। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद