अलापुर नगर पंचायत बोर्ड बैठक रद्द होने पर विरोध जताते सभासद। स्राेत- सभासद
अलापुर। नगर पंचायत अलापुर की बोर्ड बैठक चेयरमैन हुमा बी की अनुपस्थिति के कारण रद्द हो गई। सोमवार को होने वाली इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट सहित कई विकास कार्यों पर चर्चा होनी थी। बैठक न होने से नाराज सभासदों ने विकास कार्यों के प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से पुनः बैठक बुलाने की मांग की है।
सभासदों ने संयुक्त रूप से चेयरमैन की कार्यशैली पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास कार्य लगातार प्रभावित हो रहे हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। सभासदों ने बताया कि वे अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और विकास प्रस्ताव लेकर बैठक में भाग लेने के लिए तैयार थे। बैठक में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी थी। लेकिन चेयरमैन हुमा बी उपस्थित नहीं हुईं, इसके कारण बैठक विधिवत संपन्न नहीं हो सकी। सभासदों का यह भी आरोप है कि प्रस्ताव रजिस्टर पर पहले से ही प्रस्ताव लिख लिए गए थे। उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द एक और बोर्ड बैठक बुलाई जाए। इससे नगर के रुके हुए विकास कार्यों पर निर्णय लिया जा सके और सभी सभासद अपने प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकें।
चेयरमैन हुमा बी ने कहा कि खराब स्वास्थ्य के चलते वे बैठक में शामिल नहीं हो सकीं। बताया ईओ को लिखित रूप में इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने यह भी बताया कि विकास कार्य बाधित न हों, इसके लिए उन्होंने सर्वसम्मति से किसी सभासद की अध्यक्षता में बैठक कराने को लिखित सहमति दी थी।
बैठक में सभासद माधुरी देवी, रिहाना बेगम, तरावती देवी, जयवीर सिंह, महजबीन, विमलेश और रितेश कुमार शामिल थे। हेमंत कुशवाह, सरताज अहमद, अल्ताफ हुसैन, फरीद, अरुण कुमार गुप्ता, मुकेश राठौर और प्रमोद कुमार भी उपस्थित थे।