बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सैजनी के एचपीसीएल प्लांट में बीते 12 मार्च को हुए दो अधिकारियों के हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह की पत्नी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने पति को फर्जी केस दर्ज में फंसाने और फर्जी मुठभेड़ करने का आरोप लगाते हुए सीजेएम अदालत में अर्जी दी है। इस मामले में अब 30 अप्रैल को सुनवाई होगी।
कोर्ट में सोमवार को लगाई गई अर्जी में अजय प्रताप सिंह की पत्नी अर्चना सिंह ने बताया कि उनके पति अजय प्रताप सिंह के खिलाफ 4 फरवरी 2026 को धमकी और कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज हुआ था। उनका आरोप है कि पति का मानसिक उपचार चल रहा है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोगों ने साजिश रची।
महिला के अनुसार, 12 मार्च 2026 को दातागंज क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड में उनके पति को झूठा नामजद किया गया। इसके बाद 13 मार्च की रात पुलिस ने उन्हें थाने से ले जाकर फर्जी मुठभेड़ में दोनों पैरों में गोली मार दी, जिससे फ्रैक्चर हो गया। अर्चना सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि जेल में उनके पति को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी हालत बिगड़ रही है।
उन्होंने पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ दिखाने और साजिश के तहत कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। पीड़िता अर्चना सिंह ने इस मामले की शिकायत थाना स्तर से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक करने की बात बताई है, हालांकि, उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। प्रार्थना पत्र में अदालत से केस दर्ज कर निष्पक्ष जांच के आदेश देने की मांग की गई है। सीजेएम अदालत ने इस अर्जी पर सुनवाई के लिए 30 अप्रैल की तारीख तय की है।