बक्सेना गांव के दर्जनों किसानों ने एसडीएम कार्यालय के सामने कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि दबंग कोटेदार राशन का वितरण नहीं करता है। विरोध करने पर अशिष्टता करता है।
मंगलवार को बक्सेना गांव के अरवेश यादव के नेतृत्व में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से आए दर्जनों लोगों ने एसडीएम कार्यालय के सामने कोटेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। वह कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोटेदार उन्हें निर्धारित के कम मात्रा में राशन वस्तुएं मनमाने दाम पर देेता है। यदि कोई व्यक्ति विरोध करे तो उससे अशिष्टता करता है। कई बार झगड़े की भी नौबत आ चुकी है किंतु कोटेदार ने अपना रवैय्या नहीं बदला है। प्रदर्शनकारियों का कहना था यदि तहसील प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है तो वह व्यापक स्तर पर आंदोलन को मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में प्रेम चंद्र, श्रीनिवास आर्य, रामचंद्र, नरेंद्र सिंह, नरेश पाल, श्याम सिंह, पुष्पेंद्र यादव, सुरेंद्र सिंह आदि थे।
एसडीएम ओपी तिवारी ने इस बारे में बताया कि कोटेदार पर लगाए गए आरोपों की जांच पूर्ति निरीक्षक को सौंपी गई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।