जिला अस्पताल में ई-रिक्शा में शव ले जाते परिजन।स्रोत-वीडियोग्रैब
बदायूं। मानवता को तार-तार करने वाला एक वीडियो जिला अस्पताल का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें परिजन महिला के शव को ई-रिक्शा पर ले जाते दिख रहे हैं, जबकि अस्पताल में दो शव वाहन हैं। वाहन न मिलने से परिजन ई-रिक्शा से शव ले जाने को मजबूर हुए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबूलपुरा निवासी अफजल ने अपनी पत्नी को जिला अस्पताल में बुधवार को भर्ती कराया था। बृहस्पतिवार को उनकी पत्नी परवीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिवार के लोग शव घर तक ले जाने को वाहन की तलाश करने लगे। परिजनों ने शव वाहन के लिए जिम्मेदार अधिकारी सीएमएस से संपर्क किया, लेकिन वह नहीं मिले। शव वाहन का चालक मिला। उसने अनुमति के बिना शव ले जाने से इंकार कर दिया। परिवार के लोग उसके सामने गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन चालक अस्पताल में अन्य मरीजों को दवा दिलाने व सीटी स्कैन कराने, एक्सरे कराने, अल्ट्रासाउंड कराने को लेकर दौड़ लगाता रहा। उसने पीड़ित की बात को नहीं सुना। मजबूर होकर परिजन शव को ई-रिक्शा में रखकर घर ले गए। इसका किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता।
-
कोट
- शव वाहन जिला अस्पताल में मौजूद है। अगर जिला अस्पताल में मौत होती है तो शव वाहन घर तक पहुंचाने को भेजा जाता है। परिजनों का मेरे पास फोन नहीं आया। परिजन शव को ई-रिक्शा से ले गए इसकी जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो जांच कर कार्रवाई करेंगे। - डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल