ठगी का शिकार किसान सत्यपाल सिंह।-संवाद
- फोटो : जयनारायण की फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
बदायूं। बिसौली में एक किसान को नकली नोटों की गड्डियां थमाकर दो ठगों ने उससे 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने कपड़े में बंधे नोटों को डेढ़ लाख की रकम बताया था। किसान को ठगी का एहसास तब हुआ, जब ठग बहुत देर तक नहीं लौटे। किसान ने पुलिस को सूचना दी। तब तक ठग घटना को अंजाम देकर रोडवेज बस से फरार हो गए। रोते हुए किसान अपने घर चला गया।
समीपवर्ती गांव पिंदारा निवासी किसान सत्यपाल सिंह ने शुक्रवार को नगर के हाइवे स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 40 हजार रुपये निकाले। बैंक से ही दो ठग उनके पीछे लग गए। इनमें से एक ठग ने डेढ़ लाख रुपये बताकर नकली नोट रुमाल में बांधकर दे दिए और बताया कि बैंक में जमा करने हैं। दूसरे ठग ने किसान से 40 हजार रुपये मांग लिए। कहा कि जो डेढ़ लाख रुपये हैं, उसमें से उसे वापस कर देंगे। ठगों के हाथ जैसे ही किसान के रुपये आए, दोनों एक-एककर बहाने से खिसक लिए। पास ही रोडवेज बस अड्डे से वह किसी बस में बैठकर फरार हो गए। किसान खड़ा देखता रह गया। उसने रुमाल में बंधी गड्डी देखी तो वह नकली नोटों की थी। उसने तत्काल पुलिस को फोन किया। पुलिस ने पहुंचकर तलाश की लेकिन ठगों का कोई सुराग नहीं मिला। किसान सत्यपाल सिंह ने बताया कि वह पेशगी पर जमीन ले रहा था, इसके लिए रुपये देने थे। खून-पसीने की कमाई लुटने की जानकारी देते समय किसान की आंखें भर आईं। नम आंखों को पोंछते हुए किसान अपने घर को चला गया। घटनास्थल पर मौजूद लोग भी किसान की लाचारी देख कर स्तब्ध थे। पीड़ित सत्यपाल ने घटना को लेकर थाने में कोई तहरीर नहीं दी है।