सहसवान (बदायूं)। क्षेत्र की एक युवती ने बरेली के एक युवक से प्रेम विवाह कर लिया। आरोप है युवती के परिजन उसे अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। युवती ने एसएसपी बरेली को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा दिलाए जाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सहसवान के एक मोहल्ला निवासी युवती ने एसएसपी बरेली को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह बालिग है। उसके परिवार वाले उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे, लेकिन उसे बरेली निवासी एक युवक पसंद था। 12 जुलाई को उसने अपनी मर्जी से उस युवक के साथ मुस्लिम रीति रिवाज से शादी कर ली।
वह अपने पति के साथ राजी-खुशी रह रही है। इससे नाराज होकर उसके परिवार वाले और रिश्तेदार उसे व उसके पति को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। झूठी शिकायतें कर रहे है। युवती ने अपनी और अपने पति की जानमाल के खतरे की आशंका जताते हुए एसएसपी से सुरक्षा दिलाए जाने की मांग की है। सहसवान कोतवाल राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।