उझानी। शॉपिंग कॉम्पलेक्स के पास वाली गली में राहगीर को कुत्ते ने काट लिया। इसको लेकर पशु प्रेमी और घायल युवक समेत उसके परिवार वाले आमने-सामने आ गए। युवक की पत्नी ने गाली-गलौज का आरोप लगाया तो पशु प्रेमी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को अवगत कराने के बाद कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर सौंप दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला मंगलवार शाम का है। शॉपिंग कॉम्पलेक्स में श्रीनारायणगंज मोहल्ला निवासी पशु प्रेमी शेखर गुप्ता का प्रतिष्ठान है। बकौल शेखर, दुकान के सामने बैठे कुत्ते के भौंकने पर युवक ने ईंट मार दी। ईंट लगने से कुत्ता घायल हो गया। दूसरे पक्ष की ओर से गद्दीटोला मोहल्ला निवासी गीता शर्मा पत्नी विपिन शर्मा ने पुलिस को बताया कि कुत्ते ने उन्हें काट लिया था, लेकिन ईंट उन्होंने नहीं मारी।
गीता ने पशु प्रेमी पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। आरोप है कि कुत्ता इससे पहले एक और राहगीर को भी काट चुका है। दोनों पक्ष की शिकायत के बाद दरोगा प्रवीण चौहान मौके पर पहुंचे।
करीब दो घंटे तक चले विवाद के दौरान ही पशु प्रेमी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को भी घायल कुत्ते के बारे में जानकारी दे दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने इस बारे में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह से जानकारी की। दोनों पक्ष में सुलह की भी कोशिश चली, लेकिन रात तक कोई नतीजा सामने नहीं आया। कोतवाली पुलिस ने आरोप-प्रत्यारोप को लेकर आसपास इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि शिकायत पर जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
गांव दहेमी में बंदर ने महिला को किया जख्मी
बदायूं। गांव दहेमी में हिंसक बंदर का आतंक सातवें दिन भी जारी रहा। बुधवार तड़के करीब 4 बजे बंदर ने घर में सो रहीं हेमा पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुन आसपास के लोग पहुंचे तो बंदर भाग गया। घायल महिला का निजी चिकित्सक के यहां इलाज चल रहा है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। संवाद