दातागंज। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर में शुक्रवार रात पति से झगड़े के बाद 25 वर्षीय संध्या पत्नी सोनू ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। संध्या का मायका शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही के गांव अरेली में है। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर मृतका के मायके वाले भी जमालपुर पहुंच गए। मृतका के भाई तरुण शर्मा ने पति सोनू शर्मा, ससुर चंद्रपाल, सास रामश्री, जेठ महावीर, सुखवीर व बलवीर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है।
गांव वालों का कहना है कि सोनू अपनी पत्नी संध्या के साथ अच्छा व्यवहार नहीं रखता था। लगभग रोज ही मारपीट की शिकायतें आती थीं। दो दिन पहले भी मारपीट के मामले में सोनू की सास शाहजहांपुर से जमालपुर आई थी और दामाद को समझाकर गई थी। इसके बाद भी सोनू ने संध्या के साथ मारपीट कर दी, जिससे क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया। उसके चार साल का एक बेटा और एक साल की बेटी है।
संध्या की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके वाले शाहजहांपुर से जमालपुर पहुंच गए। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। क्षेत्राधिकारी दातागंज राहुल पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।