अमर उजाला के अपराजिता कार्यक्रम में मौजूद डॉ. खदीजा और छात्र-छात्राएं व स्टाफ। संवाद
म्याऊं। अमर उजाला के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सत्यदेव विद्यापीठ इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इस दौरान छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र म्याऊं की डॉ. खदीजा खातून ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। डॉ. खदीजा ने बताया कि सही जानकारी और जागरूकता से कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने छात्राओं को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, आयरन और प्रोटीन युक्त भोजन करने तथा नियमित व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी जोर दिया और तनाव से बचने के उपाय बताए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने खुलकर सवाल पूछे, जिनका डॉ. खदीजा ने सरल और स्पष्ट तरीके से जवाब दिया। इससे छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी और उन्होंने अपने जीवन में इन सुझावों को अपनाने का संकल्प लिया। उन्होंने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने पर विशेष जोर दिया। बताया कि नियमित साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। साथ ही उन्होंने घर-परिवार और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की भी अपील की।
उन्होंने छात्राओं को यह भी समझाया कि किसी भी बीमारी या शारीरिक समस्या को नजरअंदाज करना या छिपाना भविष्य में गंभीर रूप ले सकता है। ऐसी स्थिति में झिझक छोड़कर परिजनों से खुलकर बात करें और आवश्यकता पड़ने पर महिला चिकित्सक से परामर्श लें, ताकि समय रहते उचित उपचार मिल सके।