बदायूं में बंद शराब की दुकान के बाहर पहले शराब लेने को लेकर हेड कांस्टेबल और पीएसी के दो जवानों में मारपीट हो गई। सड़क तक हुए झगड़े का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया, जबकि दोनों पीएसी जवानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।
बदायूं जिले में सिविल लाइंस थाने की नवादा पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार देर रात बंद शराब की दुकान के बाहर पहले शराब लेने को लेकर हुए विवाद में हेड कांस्टेबल और पीएसी के दो जवानों के बीच जमकर मारपीट हुई। झगड़े के दौरान सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
विज्ञापन
एसएसपी अंकिता शर्मा ने मारपीट के मामले में डायल-112 में तैनात हेड कांस्टेबल धीरेंद्र को निलंबित कर दिया। वहीं, पीएसी की नौवीं बटालियन मुरादाबाद में तैनात लवली और रमन के खिलाफ कार्रवाई के लिए पीएसी मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है। मामले की जांच शुरू करा दी गई है।
हेड कांस्टेबल और पीएसी जवानों के बीच मारपीट की घटना सोमवार रात 11 बजे के बाद हुई। पांच मिनट के वायरल हुए दोनों वीडियो में रात 11:18 बजे से 11:23 बजे तक मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो में पहले पुलिसकर्मियों के बीच बातचीत होती है, जिसके बाद गाली-गलौज शुरू हो जाती है। इसके बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे से मारपीट करने लगते हैं। देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगते हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं, लेकिन पुलिसकर्मी काफी उग्र दिखाई दे रहे हैं। वे आस्तीन चढ़ाकर एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आते हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया कि सोमवार रात शराब की दुकान बंद होने के बाद हेड कांस्टेबल धीरेंद्र और पीएसी के जवान लवली व रमन शराब लेने पहुंचे थे। वहां पहले शराब लेने को लेकर उनके बीच विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान पीएसी के जवान हेड कांस्टेबल पर भारी पड़ते नजर आए और उसे नीचे गिराकर पीटा। मारपीट करते हुए सभी सड़क तक पहुंच गए, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
घटना के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंगलवार को दोनों वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और जांच कराई। प्रारंभिक जांच के आधार पर हेड कांस्टेबल धीरेंद्र को निलंबित कर दिया गया। वहीं, पीएसी के दोनों जवानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए हेड कांस्टेबल धीरेंद्र को निलंबित किया गया है। पीएसी में तैनात दोनों जवानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।