एसीएमओ की शिकायत करने सदर विधायक के आवास पर प्राइवेट अस्पताल संघ के पदाधिकारी। स्रोत- स्वयं
बदायूं। बिना पंजीकरण अस्पतालों की चेकिंग के नाम पर एसीएमओ की टीम जमकर धन उगाही कर रही है। इसका खुलासा एक पंजीकृत अस्पताल के संचालक ने विधायक से शिकायत में किया है। चेकिंग के नाम दस हजार रुपये लेने व ताला डालने का आरोप एसीएमओ पर लगाया है। सदर विधायक ने मामले में कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
शहर के मीरा जी चौकी के पास एक प्राइवेट अस्पताल है, जिसका आयुर्वेद का रजिस्ट्रेशन है। तीन दिन पहले एसीएमओ डॉ. मोहन झा ने शहर में छापा मारा था। शहर के नवादा में संचालित एक अस्पताल में रजिस्ट्रेशन होने के बाद भी ओटी में ताला डाल दिया। उसके बाद उससे चाभी लेने के नाम पर रुपयों की मांग की गई।
चर्चा है कि शहर के करीब दस अस्पतालों पर छापा मारकर धनउगाही की गई। मीरा जी चौकी के पास संचालित अस्पताल के डॉ. नरेंद्र सिंह से दस हजार रुपये लिए गए और टीम ने अपना ताला डाल दिया। डॉक्टर ने यह बात अन्य डॉक्टरों को बताई। इसके बाद कई डॉक्टर मिलकर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के पास पहुंचे। पूरे घटना क्रम से अवगत कराते हुए एसीएमओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सदर विधायक ने डॉक्टरों को उच्चाधिकारियों से बात कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
बिल्सी में तैनात एक डॉक्टर ने आयुष विंग पर करा ली तैनाती
जिला अस्पताल में करोड़ों रुपये की लागत से आयुष विंग बनाया गया है। यहां पर बिल्सी में तैनात डॉ. पंकज सिंह ने इस विंग के अस्पताल में अपनी तैनाती करा रखी है, जबकि इस अस्पताल पर आज तक ताले तक नहीं खुले हैं। डॉक्टर लगातार एसीएमओ के साथ छापा मार टीम में शामिल रहता है। सबसे चौकाने वाली बात यह कि छापेमारी की जानकारी सीएमओ तक को नहीं दी जा रही है।