ओरछी (बदायूं)। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव परमानंदपुर में बुधवार रात 22 वर्षीय रिंकू की दो मंजिला मकान की छत से गिरकर मौत हो गई। परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। बताया जा रहा है कि वह छत पर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहा था। ऐसे में अचानक छत से नीचे आ गिरा।
ग्राम परमानंदपुर निवासी 22 वर्षीय रिंकू खेतीबाड़ी करके परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवारवालों के मुताबिक बुधवार रात करीब नौ बजे रिंकू खाना खाकर अपने दो मंजिला मकान की छत पर चला गया और टहलते हुए किसी रिश्तेदार से मोबाइल पर बात करने लगा। तभी अचानक परिवार वालों ने बाहर गली में कुछ गिरने की आवाज सुनी। परिवार वाले तुरंत घर से निकलकर बाहर की ओर भागे। जहां गली में खून से लथपथ रिंकू पड़ा था। उसका सिर खड़ंजे में लगने से फट गया था। उनकी हालत देखकर परिवार वाले रिंकू को तुरंत मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार वालों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। रात भर रिंकू का शव घर पर रखा रहा। बुधवार दोपहर उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार वालों ने बताया कि रिंकू की 11 माह पहले शादी हुई थी। उसके बच्चा नहीं है। दो छोटे-छोटे भाई हैं।