बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात खैरी गांव के नजदीक दो बाइक आपस में टकरा गईं, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतक के परिवार ने देर रात जिला अस्पताल में उसे जिंदा बताकर हंगामा किया तो शव की ईसीजी कराई गई।
बिल्सी रोड पर हुए एक्सीडेंट के बाद जिला अस्पताल में शुक्रवार देर रात मृत शख्स के परिजन पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल में हंगामा किया कि जिंदा व्यक्ति को मोचर्री में रखवा दिया गया है। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। फिर शव की ईसीजी व अन्य जांच की गईं। इसमें भी उसके मृत होने की पुष्टि हुई तो परिवार के लोग शांत हो गए। मृतक का नाम ओमपाल है वह बिल्सी के गांव फतेहनगला में रहता था। वह बिल्सी नगर पालिका की जेसीबी चलाता था। परिजन ने बताया कि गांव से बाइक लेकर बिल्सी जेसीबी लेने जा रहा था, तभी खैरी गांव के पास एक्सीडेंट हो गया। संवाद