बिल्सी। गांव बेहटा जबीं में 10 नवंबर की शाम युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गांव सीतापुर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा और एक कारतूस मिला है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गांव बेहटा जबीं निवासी दीपक दीक्षित ने अपने भाई अनमोल दीक्षित को गोली मारने के आरोप में गांव के ही चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र माहेश्वरी को सीतापुर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि युवक को गोली मारने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद