जरीफनगर (बदायूं)। रविवार सुबह जरीफनगर इलाके में खेत को समतल करते समय ट्रैक्टर से कुचलकर मासूम बेटे की मौत हो गई। इससे किसान के परिवार में कोहराम मच गया। परिवारवालों ने बालक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। उन्होंने बगैर पुलिस को सूचना दिए शव को दफन कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम समसपुर कूबरी निवासी सुनहरे रविवार सुबह अपना ट्रैक्टर लेकर खेत को समतल करने गए थे। उनके साथ में उनका तीन वर्षीय बेटा लवकुश भी चला गया। परिवारवालों के मुताबिक सुनहरे ने लवकुश को खेत की मेड़ पर बैठा था। फिर वह खेत को समतल करने में जुट गया। उसी दौरान अचानक बालक ट्रैक्टर के पीछे आ गया। बालक पर उनका ध्यान नहीं गया और उन्होंने ट्रैक्टर को पीछे हटा दिया, जिससे बालक ट्रैक्टर से कुचल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अपने बेटे की मौत देखकर उनके होश उड़ गए। किसी तरह उन्होंने ट्रैक्टर को हटाकर बालक का शव निकाला। इसकी सूचना पर परिवार वाले भी रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। बाद में वह शव को घर ले गए। शाम को उन्होंने बालक का शव दफन कर दिया। परिवार वालों ने बालक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया हैै।