बरेली में भोले बाबा के सत्संग में शामिल होने के लिए अलीगढ़ से चले भक्तों की जायलो कार करुआ पुल से नीचे गिर गई। कार सवार महिला और पुरुषों समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों में दो को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसा शनिवार तड़के हुआ। अलीगढ़ जिले में लोधा थाना क्षेत्र के गांव अखन निवासी साकार विश्व हरि के भक्त बरेली में सत्संग में शामिल होने के लिए जायलो कार से चले। करुआ पुल पर जायलो के चालक को झपकी आ गई। वह कार से नियंत्रण खो बैठा। कार पुल के नीचे गिर गई। रोड गश्त पर निकले पुलिस कर्मियों ने चीख पुकार सुनी तो उन्होंने कांवड़ियों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकलवाया।
घायलों में धर्मेंद्र (26) पुत्र नत्थूलाल, हिम्मत सिंह की 60 वर्षीय पत्नी छाया देवी, 50 वर्षीय गुड्डू, सुखवीर सिंह की 40 वर्षीय पत्नी विमला देवी निवासी अखन, लोधा थाना क्षेत्र के ही गांव हरदासपुर निवासी चंद्रपाल (40) और बुलंदशहर जिले में डिबाई कोतवाली क्षेत्र के गांव दानपुर निवासी ज्ञानसिंह (35) पुत्र गिरधारी लाल समेत नौ लोग घायल हैं। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां से दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सड़क हादसों में आठ कांवड़िए घायल
उझानी/बिनावर। उझानी और बिनावर में हुए सड़क हादसों में आठ कांवड़िए घायल हो गए। शनिवार शाम कछला चौराहे के पास बाइक फिसलने से सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव नौशेरा निवासी सुनील कुमार और दिनेश सिंह घायल हो गए। बरेली में देवचरा निवासी 22 वर्षीय शिवभक्त लेखराज को कार ने टक्कर मार दी। लेखराज के सिर में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा बिनावर के गांव राजागंज निवासी कांवड़िया सुरेशपाल बाईपास पर हादसे में घायल हो गया। घायलों में लेखराज और सुरेशपाल को अस्पताल भी लाया गया। जबकि दिनेश और सुनील को उनकी टोली में शामिल कांवडिय़ा घर लेकर चले गए। इधर बिनावर में दो बाइक आपस में भिड़ने से बरेली के अमरसिया निवासी सरबन (22), संजय (30), कमल (22) और संजू (23) घायल हो गए। यह लोग बाइक से गंगा जल लेने कछला जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।